अजमेर , अक्टूबर 25 -- राजस्थान के अजमेर में दीक्षा लेने वाले दिगम्बर जैन समाज के जैन आचार्य विद्यासागर महाराज और अन्य आचार्य समयसागर महाराज के 'अवतरण दिवस' के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव के तहत रविवार भव्य वाहन रैली निकाली गई।
अजमेर के नाका मदार स्थित 'श्री जिनशासन गौरव भूमि वर्षायोग समिति 2026' के तत्वावधान में आयोजित रैली में सकल दिगंबर जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने शिरकत की। देश भर में महाराजश्री के अनुयायी हैं।
यह जैन वाहन रैली छतरी योजना स्थित जैन मंदिर से रवाना होकर महावीर सर्किल फव्वारा के रास्ते विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री जिनशासन तीर्थ क्षेत्र पहुंची। रास्ते भर जैन अनुयायियों ने रैली की अगवानी पुष्प वर्षा कर की।
रैली में पुरुष सफेद वस्त्रों में, जबकि महिलाएं केसरिया साड़ी, हथकरघा साड़ी और अपने-अपने महिला मंडल की निर्धारित वेशभूषा में शामिल हुईं। रैली में तीन खुली जीपों के साथ महिला वर्ग की विशेष भागीदारी रही। सभी वाहन दो-दो की कतारमें अनुशासित तरीके से चले। रैली के मदार श्री जिनशासन तीर्थ क्षेत्र पहुंचने के बाद पंडाल में मुनि श्री निष्पक्ष सागर जी महाराज एवं मुनि श्री निस्पृह सागर जी महाराज के प्रवचन हुए। मुनिश्री ने आचार्य भगवान के जीवन, उनके आदर्शों और धर्म के प्रति समर्पण पर प्रकाश डालते हुए समाजजनों को आध्यात्मिक संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि देह त्याग चुके आचार्य विद्यासागर जी महाराज ने अजमेर में ही मुनि दीक्षा ली थी। वर्तमान में समयसागर महाराज उनके संघ प्रमुख 'आचार्य' हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित