अजमेर , अक्टूबर 17 -- राजस्थान में अजमेर संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, अजमेर में रोबोटिक तकनीक से किडनी कैंसर का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया।
वरिष्ठ रोबोटिक एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. अनिल के. शर्मा के नेतृत्व में नागौर जिले के परबतसर निवासी 56 वर्षीय मरीज की बाईं किडनी का ऑपरेशन किया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मरीज की हालत में तेजी से सुधार हुआ और ऑपरेशन के दूसरे दिन उसे छुट्टी दे दी गयी।
अस्पताल के आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मरीज को मूत्र में खून आने और मूत्रत्याग करने में परेशानी की शिकायत थी। सोनोग्राफी में बाईं किडनी में गांठ दिखायी दी। इसके बाद सीटी स्कैन और अन्य जांचों के आधार पर किडनी ट्यूमर की पुष्टि हुई। मामले की जटिलता को देखते हुए चिकित्सकों ने रोबोटिक तकनीक से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।
सूत्रों ने बताया कि सर्जरी के दौरान किडनी की रक्त वाहिकाओं की असामान्य बनावट चुनौती रही। चिकित्सकों के दल ने आधुनिक उपकरणों और आपसी समन्वय से ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया। डॉ. शर्मा के साथ डॉ. रामप्रसाद और डॉ. अमित ने सर्जरी में सहयोग किया। एनेस्थीसिया, रेजिडेंट डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।
चिकित्सकों के मुताबिक, ऑपरेशन के करीब 12 घंटे बाद मरीज चलने-फिरने लगा और उसने खाना- पीना शुरू कर दिया। दूसरे दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी।
प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया ने इस उपलब्धि पर डॉ. शर्मा और उनके दल को बधाई दी। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे ने कहा कि बेहतर एनेस्थीसिया प्रबंधन और ऑपरेशन के बाद देखभाल से मरीज की हालत में तेजी से सुधार होने में मदद मिली। उन्होंने बताया कि अस्पताल में यह महंगी रोबोटिक सर्जरी मरीजों को सरकार की ओर से निःशुल्क उपलब्ध करायी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित