जयपुर , सितंबर 04 -- राजस्थान में अजमेर जिले के अरांई थाना क्षेत्र के छोटालांबा गांव में हुई महिला के अंधे कत्ल के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज छह घंटे में पर्दाफाश कर एक युवक को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया हैं।

पुलिस के अनुसार इस मामले में मुख्य आरोपी शंकरलाल बैरवा (25) को गिरफ्तार कर लिया है जबकि वारदात में शामिल एक बालिका को निरुद्ध किया गया है।

गुरुवार को अरांई पुलिस को बोराड़ा रोड स्थित एक कुएं में महिला का शव होने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान छोटा लांबा निवासी सोनी देवी (38) के रूप में हुई। मृतका के गले पर ओढ़नी का फंदा कसने और सिर पर चोट के निशान मिलने से मामला हत्या का प्रतीत हुआ।

बाद में पुलिस ने त्वरित जांच एवं कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को पकड़ लिया और उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि बुधवार को दोपहर बाद करीब एक बजे आरोपी शंकरलाल बैरवा बाड़े के पास अपने ज्वार के खेत में एक पूर्व परिचित नाबालिग के साथ मौजूद था। इसी दौरान पास के खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर गुजर रही सोनी देवी ने उन्हें इस स्थिति में देख लिया और डांट-डपट की। बदनामी होने के डर से दोनों ने मिलकर ज्वार के खेत में ही सोनी देवी की ओढ़नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। बाद में आरोपी ने अंधेरा होने पर शव को पास के कुएं में फेंक दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित