अजमेर , अक्टूबर 28 -- राजस्थान में अजमेर संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के नर्सिंग स्टाफ ने बुधवार को चिकित्सालय प्रशासन की उदासीन कार्यप्रणाली से नाराज होकर कार्य बहिष्कार किया।

अजमेर जेएलएन अस्पताल के बाहर नर्सिगकर्मियों ने नौ से 11 दो घंटे कार्य बहिष्कार करके नारेबाजी की। वे अपनी विभिन्न मांगों के साथ अस्पताल के उप अधीक्षक को पद से हटाने की मांग कर रहे थे।

राजस्थान नर्सिंग संघ के महिला एवं पुरुष नर्सिंग कर्मचारियों ने दो घंटे द्वार पर बैठक की। उन्होंने मांगे नहीं माने जाने तक इसी तरह कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।

संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष गंगा सिंह जाटव और जिलाध्यक्ष चेतनप्रकाश मीणा ने बताया कि अस्पताल उपाधीक्षक की उदासीनता और हठधर्मिता एवं तानाशाही प्रवृत्ति से सभी खफा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उपाधीक्षक चैम्बर में नहीं मिलते और जानबूझकर नर्सिंग स्टाफ के काम नहीं करते। महिला कर्मचारियों को भी अनावश्यक परेशान करते हैं।

उन्होंने बताया कि नर्सिंग स्टाफ को वेतन नहीं दिया जा रहा। कुछ को तो पांच महीने से ज्यादा समय से वेतन नहीं मिला। परिचय पत्र जारी नहीं किये जा रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित