बिलासपुर , अक्टूबर 15 -- बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रवि किशन ने छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग में काम करने की इच्छा जताते हुए कहा है कि अगर अच्छी कहानी मिली तो वह छत्तीसगढ़ी फिल्म में भी काम करेंगे।
रवि किशन ने बुधवार रात छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नवरात्रि पर्व के अवसर पर प्रजाराज्यम ग्रुप की ओर से आयोजित पंखीड़ा रास गरबा शो में बतौर अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने युवाओं और दर्शकों के साथ संवाद किया तथा गरबा आयोजन में उनके साथ झूमते नजर आए। कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा रही।
अभिनेता ने छत्तीसगढ़ से अपने पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए यहां के लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा, "छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया।" उन्होंने कहा कि यहां के लोग बहुत साधारण और बहुत अच्छे लोग हैं। उनके बहुत सारे प्रशंसक भी छत्तीसगढ़ के हैं। उन्होंने प्रदेश के लोगों से अपने पुराने और गहरे जुड़ाव की बात कही।
इस दौरान छत्तीसगढ़ी सिनेमा यानी छॉलीवुड में काम करने की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए रवि किशन ने कहा कि अगर अच्छी कहानी मिली तो वह छत्तीसगढ़ी फिल्म में भी काम करेंगे। उनके इस बयान से स्थानीय फिल्म उद्योग के प्रति उनकी रुचि सामने आई।
दिल्ली की रामलीला में भगवान राम की भूमिका निभाने के अनुभव पर भी उन्होंने अपने विचार साझा किए। रवि किशन ने कहा कि भगवान राम का किरदार निभाना उनके लिए अद्भुत अनुभव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि वह एक पुजारी के बेटे हैं और बचपन से ही मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम की कथाएं तथा उनके विचार सुनते आए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित