देहरादून , मार्च 24 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पिछले दिनों रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हल्द्वानी दौरे पर ऐसे ही धुरंधर नहीं कहा। उनके कामकाज के तरीके ने ही श्री सिंह को यह कहने के लिए मजबूर किया। इसी कड़ी में मंगलवार को कार से जा रहे धामी ने गढ़ी कैंट क्षेत्र में अचानक चालक से कार रुकवाई और एक रेस्टोरेंट में जा पहुंचे। यहां उन्होंने रसोई गैस आपूर्ति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने सभी होटल, रेस्टोरेंट संचालकों से कहा कि अभी गैस का बहुत अधिक संकट नहीं है, फिर भी आने वाले दिनों में यदि जरूरत पड़ी तो देशवासियों को इस बार भी कोरोना काल की तरह एकजुटता के साथ इस चुनौती का सामना करना होगा। उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक से गैस आपूर्ति के बारे में पूछा। इस पर संचालक ने कहा कि सप्लाई में थोड़ा कमी तो आई है लेकिन फिलहाल गैस लगातार मिल रही है।

रेस्टोरेंट संचालक ने बताया कि वो गैस की खपत कम करने के लिए तंदूर का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भी इस पहल को सराहते हुए, प्रशासन को वैकल्पिक ऊर्जा के लिए जरूरी प्रबंध करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि अभी गैस की आपूर्ति हो रही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आपूर्ति सुचारू रखने के लिए पूरा प्रयास कर रही है। उन्होंने सभी होटल, रेस्टोरेंट संचालकों के साथ ही आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो देश एकजुटता से इस चुनौती का सामना करेगा। जिस तरह कोरोना काल में देश ने एकजुटता का परिचय दिया था, उसी तरह का धैर्य का परिचय इस बार भी जरूरी है।

श्री धामी ने कहा कि गैस के विकल्प के तौर पर इडक्शन सहित अन्य विकल्पों का प्रयोग किया जा सकता है। सरकार हर तरह से लोगों की मदद करने के लिए तैयार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित