धार , अक्टूबर 12 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस और युवक कांग्रेस ने राजगढ़ स्थित विद्युत विभाग के संभागीय कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। विधायक प्रताप ग्रेवाल के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के नाम ज्ञापन सौंपकर नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।

युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष दिनेश चौधरी ने कहा कि रबी फसल की तैयारी और सिंचाई के महत्वपूर्ण समय में नियमित बिजली नहीं मिलने से किसानों को परेशानी हो रही है। इससे फसलों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने बताया कि बार-बार बिजली गुल होने से घरेलू उपभोक्ताओं, व्यापारियों, दुकानदारों, विद्यार्थियों और बिजली पर निर्भर छोटे व्यवसायों के कामकाज पर असर पड़ रहा है। पेयजल और सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रतनलाल पडियार ने ज्ञापन के माध्यम से अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद करने, किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली देने और कटौती की स्थिति में पूर्व सूचना उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में खराब एवं जर्जर बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य उपकरणों की मरम्मत, आवश्यकतानुसार विद्युत क्षमता बढ़ाने तथा बार-बार होने वाले फॉल्ट और ट्रिपिंग का स्थायी समाधान करने की मांग भी शामिल है। ज्ञापन का वाचन वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेन्द्र लोहार ने किया। प्रदर्शन के दौरान रतनलाल पडियार, दिनेश चौधरी सहित अन्य कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित