जौनपुर , मई 23 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के मछलीशहर तहसील क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती और गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया और जिलाधिकारी जौनपुर को संबोधित मांगपत्र उपजिलाधिकारी को सौंपा। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि मछलीशहर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 24 घंटे में मात्र लगभग 10 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है, जो जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की।

डॉ सिंह ने गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारों और अव्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लोग अपना कामकाज छोड़कर घंटों सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी संचालकों की मिलीभगत से गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है तथा बिचौलियों और दलालों का दबदबा बढ़ गया है, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

जिला सचिव जब्बार अली सलमानी ने कहा कि बिजली, पानी और गैस सिलेंडर की समस्याएं सरकार की विफल नीतियों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग पहले ही परेशान है, वहीं अब बिजली-पानी और गैस संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मछलीशहर के अध्यक्ष मोहम्मद सैफ ने तथा संचालन नगर अध्यक्ष आरिफ सलमानी ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित