चंडीगढ़ , मई 17 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि अग्रवाल समाज का इतिहास गौरव और गरिमा से भरा रहा है तथा महाराजा अग्रसेन की शिक्षाएं आज भी समाज को नई दिशा देने वाली हैं।
श्री सैनी सेक्टर-17 स्थित सर्कस ग्राउंड में अखिल भारतीय अग्रवाल मैत्री संघ द्वारा आयोजित अग्र समाज के 5143वें स्थापना दिवस समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन से लेकर देश की आर्थिक मजबूती तक अग्र समाज हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के "एक रुपया, एक ईंट" सिद्धांत ने समाज को आत्मनिर्भरता और सहयोग का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार "सबका साथ, सबका विकास" के मंत्र पर काम कर रही है और स्टार्टअप व आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं से व्यापारी वर्ग को नए अवसर मिले हैं। सैनी ने बताया कि हरियाणा सरकार ने विकसित हरियाणा-2047 विजन के तहत स्टार्टअप नीति लागू की है, 2000 करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड बनाया गया है तथा 48 एमएसएमई क्लस्टरों में 170 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गलत नीतियों और अव्यवस्था के कारण पंजाब को नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने लोगों से पंजाब में भी सुशासन और विकास के लिए भाजपा को समर्थन देने की अपील की।
कार्यक्रम आयोजक एवं पूर्व मंत्री असीम गोयल ने लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों में भगवान अग्रसेन की तस्वीर लगाने और बच्चों को अग्र समाज का इतिहास बताने का आह्वान किया। वहीं, विजय शंकर मेहता ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के सिद्धांत आज भी समाज को सही मार्ग दिखाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित