यमुनानगर , सितंबर 02 -- हरियाणा में सफाई और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल के बीच सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के 10 राज्य स्तरीय नेताओं को निलंबित और 14 नियमित कर्मचारियों को निलंबित तथा 10 अस्थायी कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है।

अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के प्रांतीय महासचिव गुलशन भारद्वाज ने बताया कि सरकार ने कल रात यूनियन प्रधान राजेंद्र सिंह, महासचिव गुलशन भारद्वाज, कैशियर सुखदेव सिंह सहित 10 नेताओं को निलंबित करने के आदेश जारी किये हैं।

निदेशालय अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, हरियाणा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अग्निशामक एवं दमकल चालक के पद पर कार्यरत कर्मचारी बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के स्वेच्छा से लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे हैं और गैर-कानूनी तौर पर यूनियन गतिविधियों और हड़ताल में शामिल हैं। आदेश में सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि वे दिनांक 03.09.2026 सुबह 09:00 बजे तक अपने कार्य पर उपस्थित हों।

आदेश में कहा गया है कि अग्निशमन सेवा अत्यंत आवश्यक सेवा है और इसे बनाये रखना विभाग की प्रथम प्राथमिकता है। सरकार की पूर्व अनुमति के बगैर किसी भी यूनियन से संबंध होना और उसकी गतिविधियों में भाग लेना गैर-कानूनी है। अंतिम अवसर दिया जा रहा है, नियत समय तक कार्य पर हाजिर न होने वाले कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश महानिदेशक शेखर विद्यार्थी, आईएएस द्वारा जारी किया गया है।

श्री भारद्वाज ने कहा कि कर्मचारी इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। जब तक सरकार 13 मई के समझौते को लागू नहीं करती और अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी नहीं किया जाता, हड़ताल जारी रहेगी।

उधर, इंडियन नेशनल लोकदल ने हड़ताल को समर्थन दिया है। यमुनानगर नगर निगम कार्यालय के सामने चल रहे धरने में इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव प्रकाश भारती और नेता हरिनारायण शर्मा अपने साथियों के साथ शामिल हुए। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से सभी मांगें तुरंत मानने की अपील की।

श्री प्रकाश भारती ने कहा कि इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने हड़ताल के समर्थन का एलान किया है। अगर सरकार ने जल्दी मांगें नहीं मानी तो इनेलो पूरे हरियाणा में कर्मचारियों के समर्थन में आंदोलन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित