नयी दिल्ली , सितंबर 15 -- वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश का वाणिज्यिक वस्तु निर्यात अगस्त में भी अपनी उच्च गति बनाए रखते हुए सालाना आधार पर 26.12 प्रतिशत बढ़कर 43.81 अरब डॉलर रहा।
माह के दौरान वाणिज्यिक आयात 70.67 अरब डॉलर और व्यापार घाटा 26.86 अरब डॉलर के बराबर रहा। जुलाई में व्यापार घाटा 31.98 अरब डॉलर था।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी अगस्त के विदेश व्यापार के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में सोने का आयात 2.3 अरब डॉलर के बराबर था जो एक माह पहले 4.16 अरब डॉलर था।
अगस्त में सेवाओं का निर्यात 38.87 अरब डॉलर और आयात 21.42 अरब डॉलर था। इस तरह अगस्त में कुल निर्यात (वस्तु एवं सेवा) 82.68 अरब डॉलर और आयात 92.09 अरब डॉलर रहा। इस तरह व्यापार संतुलन 9.41 अरब डॉलर प्रतिकूल रहा।
पिछले साल अगस्त का कुल निर्यात 65.93 अरब डॉलर और आयात 77.55 अरब डॉलर तथा कुल व्यापार अधिशेष 11.62 अरब डॉलर प्रतिकूल (घाटे में) था।
अप्रैल-अगस्त 2026-27 के दौरान कुल निर्यात (सामान और सेवाएं) अनुमानित 15.55 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 399.27 अरब डॉलर रहा, जबकि अप्रैल-अगस्त 2025-26 में यह 345.55 अरब डॉलर था। अप्रैल-अगस्त 2026-27 के दौरान वस्तु निर्यात का कुल मूल्य 215.91 अरब डॉलर था जो अप्रैल-अगस्त 2025-26 के 183.21 अरब डॉलर से 17.85 प्रतिशत अधिक है।
अप्रैल-अगस्त 2026-27 में गैर-पेट्रोलियम निर्यात 180.61 अरब डॉलर रहा, जो अप्रैल-अगस्त 2025-26 के 157.89 अरब डॉलर की तुलना में 14.39 प्रतिशत अधिक है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार, अगस्त 2026 में वस्तु निर्यात में बढ़ोतरी में इलेक्ट्रॉनिक सामान, पेट्रोलियम उत्पाद, इंजीनियरिंग का सामान, कार्बनिक एवं अकार्बनिक रसायन, सूती धागा/कपड़ा/तैयार उत्पाद और हथकरघा उत्पादों का प्रमुख योगदान रहा।
इलेक्ट्रॉनिक सामान का निर्यात अगस्त 2025 के 2.93 अरब डॉलर से 89.82 प्रतिशत बढ़कर अगस्त 2026 में 5.55 अरब डॉलर, पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात 4.17 अरब डॉलर से 63.27 प्रतिशत बढ़कर 6.81 अरब डॉलर, इंजीनियरिंग के सामान का निर्यात 9.87 अरब डॉलर से 24.86 प्रतिशत बढ़कर 12.32 अरब डॉलर हो गया।
इस दौरान कार्बनिक और अकार्बनिक रसायनों का निर्यात 2.41 अरब डॉलर की तुलना में 16.38 प्रतिशत बढ़कर 2.80 अरब डॉलर तथा सूती धागा/कपड़ा/तैयार उत्पाद और हथकरघा उत्पादों का निर्यात अगस्त 2025 के 0.99 अरब डॉलर से 13.79 प्रतिशत बढ़कर अगस्त 2026 में 1.12 अरब डॉलर हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित