अलवर , अगस्त 09 -- राजस्थान में अलवर में अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर रविवार को अलवर शहर कांग्रेस समिति की ओर से विचार गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करके उनके त्याग, संघर्ष और देशभक्ति को याद किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नौ अगस्त 1942 को शुरू हुए भारत छोड़ो आंदोलन के इतिहास पर चर्चा करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
गोष्ठी में जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि अगस्त क्रांति दिवस देश के स्वतंत्रता आंदोलन की महत्वपूर्ण कड़ी है। इसी दिन अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई थी और हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजाद कराने के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। आजादी के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों के आदर्शों और उनके देश के प्रति समर्पण को याद करना जरूरी है।
उन्होंने वर्तमान केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में बोलने की आजादी पर अंकुश लगाया जा रहा है और संविधान, रोजगार और किसानों के हितों को कमजोर किया जा रहा है।
गोष्ठी में शहर कांग्रेस अध्यक्ष रमन सैनी ने कहा कि देश के मौजूदा हालात चिंताजनक हैं। बेरोजगारी और महंगाई से गरीब एवं मध्यम वर्ग परेशान है और किसानों सहित कमजोर वर्गों के सामने कई चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस आजाद भारत का सपना देखा था, उसकी मूल भावना को मजबूत करना वर्तमान की जरूरत है।
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और कांग्रेसजनों ने स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों पर चलने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित