ढाका , अक्टूबर 22 -- बंगलादेश की संसद के अध्यक्ष हफीज उद्दीन अहमद बीर बिक्रम ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के अगले एक दशक के भीतर देश लौटने की संभावना नहीं है।
उन्होंने गुरुवार को भोला के जिला सर्किट हाउस में पत्रकारों से कहा, "मेरे राजनीतिक अनुभव के अनुसार, अगले 10 वर्षों में भी शेख हसीना के लौटने की कोई संभावना नहीं है।" उन्होंने सुश्री हसीना की पार्टी अवामी लीग पर ऐसे हालात पैदा करने का आरोप लगाया, जिनकी वजह से ईमानदार, काबिल और राजनीतिक रूप से तटस्थ लोग चुनाव नहीं लड़ सके। उन्होंने चुनावी व्यवस्था में व्यापक सुधारों की मांग की, ताकि आम नागरिकों को भी चुनाव लड़ने का उचित मौका मिल सके।
उन्होंने कहा कि किसी उम्मीदवार की संपत्ति से यह तय नहीं होना चाहिए कि वह चुनाव लड़ने के योग्य है या नहीं। उन्होंने चुनाव आयोग से एक ऐसी व्यवस्था बनाने का आग्रह किया, जिससे जनता का समर्थन और स्वीकार्यता रखने वाले लोग चुनाव में हिस्सा ले सकें।
संसद अध्यक्ष ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि आगामी स्थानीय निकाय चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और तटस्थ होने चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले 17 वर्षों में चुनाव निष्पक्ष ढंग से नहीं कराये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित