नयी दिल्ली , अगस्त 19 -- अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सहयोग सुदृढ़ करने तथा सुरक्षित, स्वच्छ और अधिक संरक्षित समुद्री क्षेत्रों की दिशा में सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराते हुए भारत अगले वर्ष फरवरी में पांचवें तटरक्षक वैश्विक शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।
यह सम्मेलन भारतीय तटरक्षक की स्वर्ण जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाएगा।तटरक्षक बल ने बुधवार को बताया कि इस ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन की तैयारियों के अंतर्गत भारतीय तटरक्षक ने शिखर सम्मेलन की कार्य-स्तरीय बैठक का हाइब्रिड माध्यम से आयोजन किया। इसमें विभिन्न देशों के तटरक्षक बलों और समुद्री एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय समुद्री संगठनों ने भाग लिया।
बैठक में आगामी शिखर सम्मेलन से संबंधित प्रमुख संस्थागत और संगठनात्मक पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। इनमें शिखर सम्मेलन से संबंधित दिशानिर्देशों को और बेहतर बनाने, सूचना साझाकरण तंत्र को सुदृढ़ करने तथा वेबसाइट के विकास और प्रबंधन से संबंधित विषय शामिल थे।
विचार-विमर्श के दौरान पेशेवर विशेषज्ञता, संचालन अनुभव और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के अधिक व्यापक आदान-प्रदान के माध्यम से सामूहिक क्षमता निर्माण को बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त, भविष्य में सहयोगात्मक गतिविधियों के लिए प्रस्तावित गतिविधि कैलेंडर पर भी विचार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित