पटना , मई 08 -- बिहार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के नवनियुक्त मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि अगले पांच वर्षों में प्रदेश के एक करोड़ युवाओं को रोजगार से जोड़ना सरकार का लक्ष्य प्रमुख लक्ष्य है।
श्री प्रसाद ने आज नियोजन भवन के अपने कार्यालय कक्ष में विधिवत मंत्रालय का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इस अवसर पर युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सचिव डॉ. कौशल किशोर ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
मंत्री ने कार्यभार संभालने के बाद विभाग के सभी प्रभागों निदेशालय, नियोजन एवं प्रशिक्षण, बिहार कौशल विकास मिशन, बिहार राज्य समुद्र पार नियोजन ब्यूरो, युवा आयोग के अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की और विभाग के स्तर पर संचालित योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, रोजगार सृजन और कौशल विकास से संबंधित कार्यों की बिंदुवार जानकारी प्राप्त की।
इस बैठक के दौरान मंत्री श्री प्रसाद ने स्पष्ट रूप से कहा कि एक ऐसे समय में जब राज्य सरकार ने एक करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है, उनके विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित