टेक्सास , सितंबर 10 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी के मिड-टर्म सम्मेलन में बुधवार को कहा कि यदि उनकी पार्टी नवंबर में संसदीय चुनाव जीतती है तो हर अमेरिकी वयस्क को 5000 डॉलर मिलेंगे।
मिडटर्म चुनावों में यूनाइटेड स्टेट्स हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स (निचले सदन) की सभी 435 सीटें और यूनाइटेड स्टेट्स सीनेट (ऊपरी सदन) की 100 में से 33 या 34 सीटें शामिल होती हैं।
श्री ट्रंप ने यहां आयोजित सम्मेलन में कहा, "अगर हम जीतते हैं, तो आप हमारे साथ जीतेंगे और आपको 5000 डॉलर मिलेंगे। इसे ट्रंप डिविडेंड कहा जायेगा।" उनके बयान के कुछ देर बाद ही अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने इस वादे में कुछ संशोधन का अंदेशा दिया। उन्होंने कहा कि यह रकम अमीरों को नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका की ओर से लगाये गये टैरिफ से आये राजस्व से यह रकम अदा की जा सकती है।
इस वादे पर एक लाख करोड़ डॉलर से अधिक खर्च होने की संभावना है और इसके लिए संसद की मंजूरी की आवश्यकता होगी। इससे अमेरिका का करीब 1.8 लाख करोड़ डॉलर का वार्षिक बजट घाटा और बढ़ सकता है तथा महंगाई को लेकर चिंताएं भी गहरा सकती हैं। यह राशि अमेरिका के टैरिफ से होने वाले राजस्व से भी काफी अधिक होगी, खासकर तब जब पिछले वर्ष सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति के टैरिफ कार्यक्रम के एक बड़े हिस्से को खारिज कर दिया था।
श्री ट्रंप ने यह नहीं बताया कि इस राशि का भुगतान कहां से किया जाएगा। उन्होंने केवल कहा कि "हमारा देश बहुत पैसा कमा रहा है।" पिछले महीने अमेरिका का राष्ट्रीय ऋण पहली बार 40 लाख करोड़ डॉलर के पार पहुंच गया। उन्होंने ईरान के साथ युद्ध का जोरदार बचाव किया और इसमें अमेरिका की जीत की भविष्यवाणी करते हुए इसे सीधे तेल की कम होती कीमतों से जोड़ा। उन्होंने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य का नाम बदलकर अपने नाम पर रखने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका युद्ध जीत रहा है, इसलिए होर्मुज का नाम बदलकर ट्रंप जलडमरूमध्य रख देना चाहिए।
श्री ट्रंप ने कहा, "खाद्य पदार्थों की कीमतें और लगभग हर दूसरी वस्तु तेजी से सस्ती हो रही हैं। और हां, जैसे ही हम ईरान के साथ युद्ध जीतेंगे, तेल की कीमतें भी कम हो जाएंगी। और यह युद्ध अभी चल रहा है।"श्री ट्रंप यह स्वीकार करते हुए भी दिखाई दिये कि युद्ध का अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा, "हम बहुत अच्छी हालत में थे।" इसके बाद उन्होंने अपने आर्थिक सलाहकारों की ओर मुड़कर कहा, "मुझे आपके लिए ऐसा करना पसंद नहीं है।" इसके बाद उन्होंने बताया कि उन्हें यह युद्ध शुरू करने के लिए इसलिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि ईरान शायद "दो, या शायद तीन सप्ताह" में परमाणु हथियार हासिल करने की स्थिति में था।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सम्मेलन में अन्य रिपब्लिकन नेताओं की तरह अमेरिका के सामने कथित रूप से बढ़ते साम्यवाद के खतरे को भी उठाया। उन्होंने चेतावनी दी, "अगर वे जीतते हैं, तो यह एक कम्युनिस्ट देश बन जाएगा। आपका वोट यह तय करेगा कि हमारा देश अगले 250 वर्षों की शुरुआत में लड़खड़ाएगा या तेजी से आगे बढ़ेगा और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखेगा।"रिपब्लिकन पार्टी के डेमोक्रेट्स से चुनावी सर्वेक्षणों में पिछड़ने के बीच श्री ट्रंप ने अपने समर्थकों से कहा कि वह यह मानकर चलें कि वह खुद चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने कहा, "मैं आपसे यह कल्पना करने के लिए कह रहा हूं कि मैं मतपत्र पर हूं।"राय सर्वेक्षणों में व्यापक रूप से श्री ट्रंप की अनुमोदन रेटिंग 30 प्रतिशत के निचले स्तर में दिखाई जा रही है। वहीं, मतदाता बढ़ती कीमतों और ईरान के खिलाफ उनके द्वारा शुरू किये गये युद्ध को लेकर लगातार नाराजगी जता रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित