श्रीनगर , फरवरी 25 -- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि केन्द्र सरकार को पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की राज्य सरकार की मांग पर विचार करना चाहिए।
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को केरल का नाम बदलकर 'केरलम' करने को मंज़ूरी दी थी, जिसके फौरन बाद ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने राज्य का नाम बदलने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि राज्य की लगातार मांगों के बावजूद केन्द्र सरकार ने राज्य का नाम 'बंगला' रखने की उनकी मांग पर विचार नहीं किया।
श्री अब्दुल्ला ने सुश्री बनर्जी की बात का समर्थन करते हुए कहा, "दूसरे राज्यों ने भी नाम बदलने की मांग की है। अगर सुश्री बनर्जी राज्य का नाम बदलने पर विचार कर रही हैं, तो केन्द्र सरकार को यह मांग स्वीकार कर लेनी चाहिए। अगर केरल का नाम बदला जा सकता है तो पश्चिम बंगाल का नाम बदलने का प्रस्ताव भी स्वीकार होना चाहिए"उन्होंने यहां एक कार्यक्रम के दौरान कहा, "अगर भविष्य में जम्मू-कश्मीर विधानसभा में ऐसा कोई प्रस्ताव पेश होता है तो केन्द्र को उस पर भी विचार करना चाहिए।"मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन का कश्मीर के उनके पहले दौरे पर स्वागत किया। श्री राधाकृष्णन गुरुवार को कश्मीर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित