हैदराबाद , अप्रैल 03 -- हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वी. सी. सज्जनार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि अगर उन्हें कहीं भी रसायनों से आम पकाने की भनक लगे, तो बिना देर किए '100' नंबर पर कॉल करें या हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि इन जहरीले सौदागरों पर नकेल कसी जा सके।
पुलिस ने इसके लिए विशेष टीम एच-फॉस्ट का भी गठन किया है और इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 8712661212 भी जारी किया है।
सोशल मीडिया के जरिए जनता से मुखातिब होते हुए कमिश्नर सज्जनार ने "रसायनों से पके आमों" से दूर रहने की अपील की और कहा हैदराबाद सिटी पुलिस, एच-फॉस्ट टीमों के साथ मिलकर, मिलावटी आमों की बिक्री पर कड़ी निगरानी रख रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है। एच-फॉस्ट का पूरा नाम 'हैदराबाद - फूड एडल्टरेशन सर्विलांस टीम' है। यह हैदराबाद पुलिस द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और लोगों की सेहत की रक्षा के लिए बनाई गई एक विशेष प्रवर्तन इकाई है। इसकी शुरुआत श्री सज्जनार ने मार्च 2026 में की थी।
पुलिस कमिश्नर ने आगाह किया कि जो आम बाहर से एकदम "चमकदार और सुनहरे पीले" दिख रहे हैं, जरूरी नहीं कि वे अंदर से भी उतने ही मीठे हों। उन्होंने बताया कि कैल्शियम कार्बाइड जैसे खतरनाक रसायनों से पके आम सेहत के लिए किसी बड़े खतरे से कम नहीं हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित