अगरतला , अक्टूबर 18 -- पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने त्रिपुरा और बंगलादेश के बीच यात्री ट्रेन सेवाओं की जल्द शुरुआत को सुगम बनाने के लिए लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने की योजना की घोषणा की है।
एनएफआर अधिकारियों के अनुसार, महाप्रबंधक (निर्माण) आशीष बंसल ने 12.24 किलोमीटर लंबी अगरतला-अखौरा रेलवे लाइन के काम में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं। इस परियोजना में भारत के भीतर 5.46 किलोमीटर और बंगलादेश में 6.78 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है तथा पश्चिमी अगरतला के निश्चिंतपुर में एक अंतरराष्ट्रीय आव्रजन स्टेशन बनाए जाने की योजना है।
अधिकारियों ने बताया कि एनएफआर के मार्गदर्शन में यह परियोजना पूरी होने के करीब है। अगरतला-अखौरा रेल लिंक परियोजना से पूर्वोत्तर राज्यों और बंगलादेश के बीच संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है। एक सीमा पार पहल के रूप में, यह भारत की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' के अनुरूप भी है, जो क्षेत्रीय एकीकरण को और मजबूत करती है।
हाल ही में, श्री बंसल ने दक्षिणी असम में बदरपुर-अगरतला मार्ग और दक्षिण त्रिपुरा में अगरतला-निश्चिंतपुर-सब्रूम खंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस समीक्षा में पटरियों, पुलों और सुरक्षा उपायों का मूल्यांकन करने के लिए स्थल का दौरा करना और वरिष्ठ एनएफआर अधिकारियों के साथ चर्चा शामिल थी। उनके मूल्यांकन में सुरक्षा मानकों, निर्माण गुणवत्ता, परियोजना के समय पर पूरा होने और रेलवे संपत्तियों के उचित रख-रखाव जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर जोर दिया गया।कुमारघाट-अगरतला रेलवे खंड की समीक्षा में श्री बंसल ने सड़क उपरिगामी पुलों (आरओबी) की पहल की प्रगति का निरीक्षण किया। इन आरओबी का उद्देश्य समपार फाटकों को समाप्त करना, सड़क सुरक्षा बढ़ाना और जन सुविधा में सुधार करना है।
कुमारघाट-अगरतला परियोजना के दूसरे संशोधित अनुमान के तहत स्वीकृत 23 आरओबी में से 12 पर काम वर्तमान में प्रगति पर है, जिनके लिए ठेके पहले ही दिए जा चुके हैं।
महाप्रबंधक (निर्माण) बंसल ने अगरतला-सब्रूम खंड के निरीक्षण के दौरान त्रिपुरा और बंगलादेश के बीच भविष्य की सेवाओं के लिए परिचालन तैयारी सुनिश्चित करने के लिए रेलवे बुनियादी ढांचे, सुरक्षा प्रोटोकॉल और रख-रखाव गतिविधियों का आकलन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित