रांची , अक्टूबर 06 -- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी), झारखंड की दो दिवसीय प्रदेश कार्यकारी परिषद बैठक का आज रांची में शुभारंभ हुआ।

यह बैठक 06 एवं 07 अक्टूबर को आयोजित की जा रही है, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों एवं क्षेत्रों से प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य तथा दायित्ववान कार्यकर्ता सहभागिता कर रहे हैं।

बैठक का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मौसमी पॉल, प्रदेश मंत्री श्री प्रकाश टुटी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत एवं प्रदेश संगठन मंत्री पशुपति जी उपमन्यु ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन सत्र में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, शैक्षणिक एवं सामाजिक विषयों तथा विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव, कार्यों एवं आगामी योजनाओं को साझा करेंगे।

प्रदेश कार्यकारिणी परिषद् बैठक के माध्यम से संगठन के आगामी कार्यों की दिशा एवं कार्ययोजना तय करने, विद्यार्थियों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति देने पर मंथन किया जाएगा।

बैठक में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। दो दिवसीय बैठक के दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं अभियानों को लेकर विस्तृत चर्चा के साथ-साथ प्रदेश में विद्यार्थी हित एवं समाजहित में किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित