पटना , अगस्त 09 -- खिल भारतीय युवा कांग्रेस का 66वां स्थापना दिवस रविवार को बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर बिहार युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने युवा कांग्रेस का झंडा फहराया।
झंडोतोलन के बाद युवा कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया तथा संगठन के प्रतिज्ञान का पाठ किया।
इस अवसर पर बिहार युवा कांग्रेस के अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने कहा कि युवा कांग्रेस का गौरवशाली इतिहास देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और युवाओं की आवाज को मजबूत करने से जुड़ा रहा है।उन्होंने कहा कि आज का युवा देश की दिशा और दशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। युवा कांग्रेस युवाओं के अधिकारों, रोजगार, शिक्षा, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि युवाओं को लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जागरूक एवं संगठित करना भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित