अजमेर , अक्टूबर 23 -- देश को नशामुक्त बनाने की मुहिम के तहत 'अखिल भारतीय मोटरसाइकिल रैली' को शुक्रवार को राजस्थान में अजमेर की आनासागर चौपाटी से झंडी दिखाकर अगले गंतव्य भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़-उदयपुर की ओर रवाना किया गया।
अजमेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डाॅ रवि और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के उप महानिरीक्षक डाॅ एस मानने झंडी दिखाने की रस्म निभाई।
युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ में 'से नो टू ड्रग' का संकल्प दिलाया गया। इस राष्ट्रीय स्तर की रैली का मकसद युवा वर्ग को नशे के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक करना है और वर्ष 2029 तक भारत को नशामुक्त बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाना है। रैली गुरुवार को राजधानी जयपुर की ओर से अजमेर आई थी। जहां राजस्थान पुलिस एवं सीआरपीएफ की ओर से पुष्प वर्षा के साथ अगवानी की गई।
मोटरसाइकिल पर 250 जवानों की रैली अब अजमेर से रवाना होकर आगामी 31 अक्टूबर को गुजरात के एकतानगर (केवड़िया) पहुंचेगी। वहां, सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 'एकता दिवस' आयोजित एकता परेड में शामिल होगी।
रैली में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के जवान शिरकत कर रहे हैं।
कार्यक्रम में सुरक्षा आयुक्त अजमेर मंडल योगेंद्र सिंह, सहायक सुरक्षा आयुक्त रामेश्वर लाल मीणा, निरीक्षक अजमेर एवं करीब 40 राजकीय रेलवे पुलिस, अजमेर के सदस्यों ने मोटर साइकिल सवारों का स्वागत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित