ग्वालियर , फरवरी 14 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित सीमा सुरक्षा बल अकादमी टेकनपुर के लाल बहादुर शास्त्री खेल मैदान पर कल से 27 फरवरी तक 44वीं अखिल भारतीय पुलिस अश्वारोही प्रतियोगिता एवं माउंटेड पुलिस ड्यूटी मीट का आयोजन किया जा रहा है।
इस स्पर्धा में लगभग 21 पुलिस एवं अर्ध सैनिक बल सहित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी की टीमें भाग लेंगी। स्पर्धा का शुभारम्भ महानिदेशक बी एस एफ प्रवीन कुमार करेंगे। स्पर्धा में 720 घुड़सवार 342 घोड़ा भाग लेंगे।
अकादमी के निदेशक आनंद प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर की केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं राज्य पुलिस बलों की अश्वारोही टीमें भाग लेंगी। इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागी अपने कौशल, अनुशासन, शारीरिक क्षमता एवं पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। श्री सिंह ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा बलों की समृद्ध अश्वारोही परंपरा को सुदृढ़ करना, पेशेवर दक्षता को बढ़ावा देना तथा विभिन्न बलों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान ओलंपिक एवं एशियाई खेलों में होने वाले आयोजन में से तीन आयोजन होंगे। जिसमें शो जंपिंग, ड्रेसेज, टेंट पेगिंग, क्रॉस कंट्री, इक्विटेशन स्पर्धाएं प्रमुख है। इसी के तहत अन्य तकनीकी एवं चुनौती पूर्ण स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इन स्पर्धाओं के माध्यम से घुड़सवारों की संतुलन क्षमता, गति, नियंत्रण, साहस एवं त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का प्रदर्शन देखने को मिलेगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
अकादमी निदेशक श्री सिंह ने बताया कि बीएसएफ अकादमी, ग्वालियर अपनी अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं, उच्च स्तरीय अवसंरचना एवं उत्कृष्ट आयोजन क्षमता के लिए देशभर में विशिष्ट पहचान रखती है। यह आयोजन विभिन्न बलों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण को बढ़ावा देगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित