प्रयागराज , मार्च 03 -- समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके परिवार के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के मामले में सपा एमएलसी डॉ. मान सिंह यादव ने मुकदमा दर्ज कराया है। डॉ. मान सिंह यादव ने प्रयागराज के साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि इंस्टाग्राम पर एआई के माध्यम से छेड़छाड़ कर बनाई गई तस्वीरें वायरल की गई हैं, जिससे अखिलेश यादव और उनकी बेटी अदिति यादव की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।
तहरीर में कहा गया है कि "शेखर93653" नामक आईडी से यह आपत्तिजनक पोस्ट डाली गई। शिकायत में इसे राष्ट्रीय स्तर के सम्मानित परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की सुनियोजित साजिश बताया गया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित इंस्टाग्राम आईडी के खिलाफ बीएनएस की धारा 336(4), 66, 66डी) 67 और 74 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच साइबर क्राइम थाना कर रहा है।
सपा एमएलसी ने आरोपी की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा संबंधित इंस्टाग्राम आईडी को तत्काल बंद कराने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित