प्रयागराज , जून 29 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दौरे के दौरान सोमवार को पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया। कार्यक्रम स्थल के बाहर कुछ सपा कार्यकर्ताओं ने 'अखिलेश यादव जिंदाबाद' के साथ मेजा विधायक संदीप पटेल के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए।

खुद को मेजा विधानसभा क्षेत्र का निवासी और सपा कार्यकर्ता बताने वाले प्रदर्शनकारियों ने विधायक संदीप पटेल पर वित्तीय अनियमितताओं समेत कई गंभीर आरोप लगाए। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे अपनी शिकायत सीधे पार्टी अध्यक्ष तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर आए हैं।

नारेबाजी कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए मेजा सीट से विधायक पटेल का टिकट बदला जाए। उनका आरोप था कि वर्तमान विधायक के प्रति क्षेत्र में नाराजगी है और यदि पार्टी उन्हें दोबारा उम्मीदवार बनाती है तो इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्रदर्शनकारियों ने किसी अन्य सक्रिय कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की।

विरोध कर रहे सपा कार्यकर्ता हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। इन तख्तियों के जरिए उन्होंने मेजा विधायक पटेल के खिलाफ अपना विरोध जताया। एक तख्ती पर लिखा था, 'अखिलेश यादव से बैर नहीं, संदीप पटेल की खैर नहीं।' वहीं दूसरी तख्ती पर लिखा था, 'गली-गली में शोर है, मेजा विधायक कमीशनखोर है।'कार्यकर्ताओं ने इन नारों के साथ विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और श्री यादव से हस्तक्षेप की मांग की। उनका कहना था कि पार्टी नेतृत्व उनकी शिकायत सुने और आगामी विधानसभा चुनाव में मेजा सीट से नए उम्मीदवार को मौका दे।

कार्यक्रम स्थल के बाहर कुछ देर तक नारेबाजी के कारण हलचल का माहौल बना रहा। मौजूद पुलिस और पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी हालांकि अपनी मांग पर अड़े रहे और कहा कि वे पार्टी अध्यक्ष से मिलकर अपना पक्ष रखना चाहते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित