मथुरा , मई 20 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा आरक्षण और सरकारी भर्तियों को लेकर योगी सरकार पर लगाए गए आरोपों पर उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने तीखा पलटवार किया है।
मथुरा पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में भर्तियों में भ्रष्टाचार और वसूली होती थी, जबकि वर्तमान सरकार पारदर्शिता के साथ युवाओं को रोजगार दे रही है। उन्होंने कहा, "एक दौर वह था जब राज्य में भर्तियों का विज्ञापन निकलते ही 'चाचा-भतीजा' झोला लेकर निकल पड़ते थे। उस समय केवल भ्रष्टाचार होता था। इसके विपरीत योगी सरकार में अब तक नौ लाख भर्तियां हुई हैं, जिनमें न एक रुपये की रिश्वत चली और न ही किसी की सिफारिश।"स्वतंत्र देव सिंह ने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने नौकरियों में भाई-भतीजावाद समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज नियुक्तियों में न जातिवाद है, न व्यक्तिवाद और न ही क्षेत्रवाद। प्रदेश के गांव-गांव के योग्य युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ अवसर मिल रहा है।
उन्होंने विपक्ष के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि लूट-खसोट और आयोगों में भ्रष्टाचार केवल समाजवादी पार्टी के शासनकाल में होता था। कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'कांग्रेस मुक्त भारत' के नारे का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसका अर्थ आतंकवाद, नक्सलवाद, माओवाद, परिवारवाद और वंशवाद से मुक्ति है।
उन्होंने कहा, "आज देश नक्सलवाद और माओवाद के साथ-साथ परिवारवाद और वंशवाद से भी मुक्त हो रहा है। अब ऐसी पार्टियों का दौर समाप्त हो रहा है जो केवल परिवारवाद के सहारे चलती थीं।"स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के फैसले राष्ट्रहित और गरीबों के कल्याण को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं तथा जनता अब विपक्षी दलों की राजनीति को समझ चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित