लखनऊ , सितंबर 23 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की 24 सितंबर से रायबरेली से प्रस्तावित पीडीए रथ यात्रा पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश का पीडीए रथ पूरी तरह पंक्चर हो चुका है और उसकी हवा निकल चुकी है।
श्री मौर्य ने कहा कि इस बार भी साइकिल फिर पंक्चर होगी। सपा-कांग्रेस आपस में ही लड़कर खत्म हो जाएंगे। कांग्रेस का यूपी में कोई भविष्य नहीं है। अयोध्या में अतिक्रमण हटाओ अभियान पर अखिलेश के सवालों पर केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार करते हुए कहा कि सपा प्रमुख खुद जनता की नजर में सवाल थे, इसीलिए जनता ने उन्हें 2017 में हटा दिया।
चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को लेकर केशव ने कहा कि अखिलेश भूल रहे हैं कि चुनाव आयोग की बदौलत ही वह सांसद हैं, मुख्यमंत्री भी रहे हैं। आज उसी चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 2027 के चुनाव को आखिरी चुनाव बताया था, जिस पर भाजपा नेताओं ने पलटवार किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित