नयी दिल्ली , अप्रैल 24 -- केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले सरस आजीविका मेलों का कैलेंडर फाइनल कर दिया है, जिसका उद्देश्य देश भर में ग्रामीण आजीविका, महिला उद्यमिता और पारंपरिक शिल्प को बढ़ावा देना है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार तय कार्यक्रम के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में तीन बड़े सरस मेले होंगे। सरस आजीविका मेला 2026 22 अक्टूबर से छह नवंबर 2026 (17 दिन) तक लीजर वैली पार्क, गुरुग्राम में लगेगा। इसके बाद सरस फूड फेस्टिवल, 2026 ,इक्कीस नवंबर से आठ दिसंबर 2026 (18 दिन) तक सुंदर नर्सरी, नयी दिल्ली में आयोजित होगा।

सरस आजीविका मेला 2027 एक फरवरी से 28 फरवरी 2027 (28 दिन) तक मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम, नयी दिल्ली में लगेगा। सरस आजीविका मेले, दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आयोजित किए जाते हैं। ये मेले ग्रामीण स्वयं सहायता समूहों और कारीगरों को अपने उत्पाद बेचने के लिए राष्ट्रीय स्तर का मंच देते हैं।

ये मेले देशभर के स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को एक साथ लाते हैं और ग्रामीण महिलाओं को सीधे शहरी उपभोक्ताओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उनकी आय और पहचान में वृद्धि होती है। इन मेलों में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से बड़ी संख्या में महिला उद्यमियों की भागीदारी अपेक्षित है, जो हथकरघा, हस्तशिल्प, प्राकृतिक एवं जैविक उत्पादों तथा क्षेत्रीय व्यंजनों सहित विविध क्षेत्रीय उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित