पटना , अक्टूबर 27 -- बिहार में शराबबंदी कानून के तहत अक्टूबर महीने में पुलिस और मद्य निषेध विभाग ने 70,693 ठिकानों पर छापेमारी की और इस दौरान शराबबंदी से जुड़े मामलों में 5,701 अभियोग दर्ज किए गए तथा शराब पीने तथा तस्करी समेत अन्य आरोपों में कुल 6,683 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।विभागीय आंकड़ों के अनुसार, शराब पीने के आरोप में 4,553 और तस्करी एवं अन्य मामलों में 2,130 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इस दौरान 3,52,594 लीटर अवैध देशी-विदेशी शराब जब्त की गई। इसके अलावा अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाला 4,624 लीटर स्प्रिट भी बरामद किया गया।

मद्य निषेध विभाग के अनुसार, अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई में 18,28,729 लीटर शराब जब्त की गई। वहीं, शराब तस्करी और ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में 725 वाहनों को जब्त किया गया है।

राज्य में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शहरों, गांवों और कस्बों में लगातार छापेमारी की जा रही है। मुख्यमंत्री के आह्वान पर मंगलवार से राज्यभर में एक महीने का नशामुक्ति अभियान भी शुरू किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित