अकोला , अक्टूबर 21 -- महाराष्ट्र के अकोला रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की एक महिला अधिकारी ने सात दिनों के भीतर दो यात्रियों को जानलेवा हादसों से बचाया है। यह जानकारी अधिकारियों ने बुधवार को दी।

हाल की एक घटना में, अकोला निवासी 55 वर्षीय संगीता भरत खत्री 17 अक्टूबर को चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश करते समय अपना संतुलन खो बैठीं लेकिन गंभीर चोट लगने से बाल-बाल बच गईं।

यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर एक पर तब हुई जब नागपुर-अहमदाबाद प्रेरणा एक्सप्रेस (22138) खुलकर प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ रही थी। अधिकारियों ने बताया कि सुश्री खत्री ने ट्रेन की गति की विपरीत दिशा में उतरने की कोशिश की लेकिन उनका पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच में गिरने लगीं।

ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ की सहायक उप-निरीक्षक सोनल इंगले ने तुरंत कार्रवाई की और महिला को पटरियों पर गिरने से पहले ही खींचकर वापस प्लेटफॉर्म पर ले आईं। उन्होंने बताया कि यात्री को मामूली खरोंचें आईं। इस नाटकीय बचाव कार्य का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ है। आरपीएफ के 'ऑपरेशन जीवन रक्षा' के तहत, एक सप्ताह के भीतर सुश्री इंगले द्वारा किसी की जान बचाने की यह दूसरी घटना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित