मुरादाबाद , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में आज़ ईद-उल-फितर का त्यौहार बड़े ही हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। ऐतिहासिक ईदगाह और अन्य प्रमुख मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा पूरे उत्साह और अकीदत के साथ नमाज़ अदा की गई। सुबह से ही ईदगाह पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जबकि पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई ईदगाहों में जलभराव की स्थिति होने के बावजूद प्रशासन द्वारा किए गए विशेष इंतजाम से नमाज सकुशल रुप से संपन्न हो गई।
शहर की प्रमुख ईदगाह में नमाज दो चरणों में अदा की गई ताकि किसी को भी नमाज से वंचित न होना पड़े। नमाज के बाद इमाम सैयद मासूम अली और नायब इमाम सैयद फहद अली ने मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली के लिए खास दुआएं कीं। हजारों लोगों ने हाथ उठाकर देश में शांति और सद्भाव की कामना की।
जिलाधिकारी अनुज कुमार सिंह ने ईद की नमाज सकुशल संपन्न होने पर सभी नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस कर्मियों और व्यवस्था में लगे अन्य सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, जिला प्रशासन और समुदाय के संयुक्त प्रयासों से त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया, जो सामाजिक सौहार्द का बेहतरीन उदाहरण है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, नागरिक सुरक्षा और स्थानीय सम्मानित नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया था। ईदगाह और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों को सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई। ड्रोन, सीसीटीवी और पैट्रोलिंग के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित