नयी दिल्ली , जुलाई 22 -- नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा एयर अक्टूबर में राजस्थान की राजधानी और गुलाबी शहर जयपुर से उड़ानें शुरू करेगी।
एयरलाइंस ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह 11 अक्टूबर से जयपुर से मुंबई और बेंगलुरु के लिए दैनिक सीधी उड़ानें शुरू करेगी। उसका कहना है कि यह कदम प्रमुख पर्यटन, सांस्कृतिक और आर्थिक केंद्रों के बीच बेहतर हवाई संपर्क प्रदान करने की उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
यात्री अकासा एयर की वेबसाइट, एंड्रॉयड और आईओएस ऐप तथा कई प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियों के माध्यम से टिकट की बुकिंग करा सकते हैं।
जयपुर देश का प्रमुख पर्यटन स्थल और राजस्थान का एक जीवंत प्रवेश द्वार है। यह शहर व्यापार, शिक्षा और उद्यमिता का उभरता हुआ केंद्र भी बन रहा है।
इसके अलावा, एयरलाइन 15 अक्टूबर से मुंबई और बेंगलुरु से उदयपुर के लिए भी उड़ानें शुरू कर रही है।।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित