नयी दिल्ली , सितंबर 09 -- हरित विमान ईंधन का इस्तेमाल करते हुए नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा एयर के एक विमान ने मंगलवार को मुंबई से गोवा की वाणिज्यिक उड़ान सफलतापूर्वक पूरी की।
एयरलाइंस ने बुधवार को बताया कि इस उड़ान के लिए भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने एक प्रतिशत हरित विमान ईंधन मिश्रित एटीएफ की आपूर्ति की थी। यह उड़ान मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मंगलवार अपराह्न 1.05 बजे रवाना हुई और उसी दिन अपराह्न 2.30 बजे गोवा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी।
आकासा एयर और भारत पेट्रोलियम ने हरित विमान ईंधन को अपनाने और विमानन सेक्टर में कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद करने वाले अन्य अवसरों का पता लगाने के लिए इस साल जुलाई में एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित