चंडीगढ़ , जून 15 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सोमवार को कहा है कि पांच सिंह साहिबानों द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान को कथित विवादित वीडियो मामले में 'गुरु-द्रोही' और 'खालसा पंथ विरोधी' घोषित किये जाने के बाद उन्हें नैतिक आधार पर तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

एक बयान में श्री ढिल्लों ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब सिख कौम की सर्वोच्च संस्था है और वहां से जारी आदेश गुरु नानक नामलेवा संगत के लिए सम्माननीय और स्वीकार्य होते हैं। उन्होंने कहा कि पांच सिंह साहिबानों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को गुरु साहिबानों की तस्वीर से जुड़े कथित आपत्तिजनक वीडियो मामले में गुरु-द्रोही और खालसा पंथ विरोधी करार देते हुए सिख संगत को उनसे किसी प्रकार का संबंध न रखने का निर्देश दिया है।

श्री ढिल्लों ने कहा कि यदि अकाल तख्त साहिब के आदेश का पालन किया जाता है, तो पंजाब सरकार में विभिन्न पदों पर कार्यरत सिख मंत्री, अधिकारी और कर्मचारी मुख्यमंत्री के साथ आधिकारिक बैठकों तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों को लेकर असहज स्थिति में आ सकते हैं। उनके अनुसार इससे राज्य के प्रशासनिक कामकाज पर प्रभाव पड़ने की आशंका पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि पंजाब एक संवेदनशील और सीमावर्ती राज्य है, इसलिए ऐसी परिस्थितियों में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान को नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि धार्मिक भावनाओं, सामाजिक विश्वास और सार्वजनिक जीवन की जवाबदेही से जुड़ा विषय है, जिस पर मुख्यमंत्री को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित