चंडीगढ़ , जून 18 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के समर्थन में आम आदमी पार्टी द्वारा दिये जा रहे स्पष्टीकरणों पर तीखा हमला बोलते हुए इसे 'असंभव का बचाव' और 'झूठ पर झूठ' करार दिया है।

उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह दी कि वह सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था श्री अकाल तख्त साहिब के साथ टकराव का रास्ता छोड़कर संयम बरतें। गुरुवार को जारी बयान में राजा वड़िंग ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा पेश की गयी कथित फोरेंसिक रिपोर्टों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी यह स्पष्ट करे कि उसे महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग प्रयोगशालाओं से रिपोर्ट कैसे मिल गयीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि झूठ बोलना ही था तो कम से कम थोड़ा समय इंतजार तो कर लेते।

राजा वड़िंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी के दावों पर जनता कैसे विश्वास कर सकती है, जब इतनी जल्दी मुख्यमंत्री को 'क्लीन चिट' देने वाली रिपोर्टें सामने आ गयीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी का बचाव पक्ष बेहद कमजोर है और वह अपने ही पुराने बयानों का खंडन कर रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब कुछ महीने पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश हुए थे, तब उन्होंने संबंधित वीडियो को पूरी तरह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार किया गया फर्जी वीडियो बताया था, लेकिन जब यह स्थापित हो गया कि वीडियो एआई जनित नहीं हैं, तब आम आदमी पार्टी का तर्क बदल गया और अब कहा जा रहा है कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति मुख्यमंत्री नहीं है। उन्होंने कहा कि वीडियो की फोरेंसिक जांच करवाने का सुझाव भी स्वयं मुख्यमंत्री ने ही अकाल तख्त के जत्थेदार को दिया था। ऐसे में अब बदलते बयान कई सवाल खड़े करते हैं।

राजा वड़िंग ने यह भी पूछा कि यदि वीडियो लंबे समय से सार्वजनिक मंचों पर प्रसारित हो रहे थे, तो सरकार ने पहले कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने सवाल किया कि अब अचानक इतनी तेजी से जांच और रिपोर्टें कैसे सामने आ गयीं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की ओर से दिया गया ताजा बचाव जवाबों से ज्यादा नये सवाल पैदा करता है और इससे लोगों की यह धारणा और मजबूत होती है कि पार्टी लगातार विरोधाभासी दावे कर रही है।

श्री मान को सलाह देते हुए राजा वड़िंग ने कहा कि उन्हें श्री अकाल तख्त साहिब के साथ किसी प्रकार के टकराव से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि अकाल तख्त सिख पंथ की सर्वोच्च सांसारिक संस्था है और इसके प्रति सम्मान बनाये रखना सभी के लिए आवश्यक है।

राजा वड़िंग ने चेतावनी देते हुए कहा, " जिस प्रकार से आप अकाल तख्त का सामना कर रहे हैं, इतिहास आपके प्रति उदार नहीं होगा।"उन्होंने मुख्यमंत्री से धार्मिक संस्थाओं के प्रति सम्मानजनक रवैया अपनाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित