चब्बेवाल , अप्रैल 03 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को घोषणा की कि 2027 में सरकार बनने पर उनकी पार्टी कंडी क्षेत्र के लिए एक विशेष औद्योगिक पैकेज लागू करेगी और इस क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एक समर्पित 'कंडी क्षेत्र विकास मंत्रालय' का गठन करेगी। श्री बादल ने कहा कि कंडी बेल्ट के लिए बिजली और टैक्स सब्सिडी सहित विशेष रियायतें दी जाएंगी। साथ ही, क्षेत्र में सड़क संपर्क सुधारने के लिए पठानकोट से चंडीगढ़ और अमृतसर से आनंदपुर साहिब तक दो प्रमुख हाईवे (ट्विन हाईवे) बनाये जाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि नया मंत्रालय कंडी क्षेत्र में सरकारी ट्यूबवेल स्थापित करने, ड्रिप सिंचाई और भूमिगत पाइप सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित करेगा। इसके अलावा उन्होंने आगामी सरकार के लिए अपना दृष्टिकोण साझा करते हुए कहा कि विश्व कौशल विश्वविद्यालय हर साल एक लाख युवाओं को कुशल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर जिले में मेडिकल और वेटरनरी कॉलेज खोले जाएंगे। युवाओं को 10 लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा।

'आटा-दाल योजना' का विस्तार, वृद्धावस्था पेंशन बढ़ाकर 3,100 रुपये प्रति माह और शगुन योजना की राशि एक लाख की जाएगी।

आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए बादल ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री गैंगस्टरों के साथ मिलकर लोगों को डरा-धमक रहे हैं और फिरौतियां वसूल रहे हैं।

मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, " भगवंत मान अब इतने डरे हुए हैं कि अपने ही गांव जाने के लिए उन्हें लॉकडाउन लगाना पड़ता है और गांव के सभी हथियार जब्त करने पड़ते हैं।"उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और सरकारी खर्च पर बाहरी राज्यों में रैलियां की जा रही हैं। उन्होंने आरटीआई का हवाला देते हुए दावा किया कि आप सरकार 1.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का झूठा दावा कर रही है, जबकि वास्तव में केवल 2600 करोड़ का निवेश हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित