संगरूर , अप्रैल 03 -- शिरोमणि अकाली दल के नेता एवं पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर आरोप लगाया है कि 'आप' नेता गुजरात चुनाव प्रचार के दौरान शिरोमणि अकाली दल की पुरानी योजनाओं को अपनी बताकर वहां की जनता को गुमराह कर रहे हैं।
श्री खन्ना शुक्रवार को निकटवर्ती गांवों घराचों, रामगढ़, रसालदार छन्नां, महसमपुर और रोशनवाला में पार्टी की मजबूती के लिए आयोजित जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान गुजरात में दावा कर रहे हैं कि पंजाब में हर चार किलोमीटर पर मंडियां 'आप' ने स्थापित की हैं, जबकि सच्चाई यह है कि पंजाब में मंडियों का जाल और किसानों के लिए मुफ्त बिजली की योजना स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व वाली अकाली सरकार ने शुरू की थी।
उन्होंने कहा, "अरविंद केजरीवाल गुजरात में घोषणा कर रहे हैं कि पंजाब में महिलाओं को 1,000 रुपए महीना मिलना शुरू हो गया है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि यह योजना अभी तक लागू भी नहीं हुई है। यह जनता के साथ सरासर धोखा है।"मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए श्री खन्ना ने कहा कि केंद्र और पंजाब सरकार मिलकर किसानों की मुफ्त बिजली योजना में बदलाव करने या कटौती करने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि शिरोमणि अकाली दल किसानों के साथ किसी भी कीमत पर अन्याय नहीं होने देगा और ऐसी किसी भी कोशिश का कड़ा विरोध किया जाएगा।
मिल्कफेड (वेरका) मिल्क पाउडर घोटाले पर श्री खन्ना ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना को सप्लाई किए गए मिल्क पाउडर के रिजेक्ट होने के मामले की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए। केवल निचले अधिकारियों पर कार्रवाई कर मामले को दबाने की कोशिश निंदनीय है। चूंकि सहकारिता मंत्रालय खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास है, इसलिए उनसे निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित