सिडनी , जून 13 -- भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु शनिवार को ऑस्ट्रेलियन बैडमिंटन ओपन 2026 के सेमीफाइनल में वर्ल्ड चैंपियन अकाने यामागुची से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ भारत का टूर्नामेंट में अभियान समाप्त हो गया। आज यहां खेले गये मुकाबले में महिला एकल बैडमिंटन रैंकिंग में 10वें नंबर पर मौजूद पीवी सिंधु, वर्ल्ड नंबर 3 यामागुची से 43 मिनट में 22-20, 21-12 से हारकर बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

2026 बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी का यह दूसरा सेमीफ़ाइनल था। वह जनवरी में मलेशिया ओपन सुपर 1000 के टॉप चार में भी पहुंची थीं, लेकिन उस बार चीन की वांग झियी से हार गई थीं। सिंधु ने अपना आखिरी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर टाइटल 2024 में लखनऊ में सैयद मोदी इंटरनेशनल में जीता था।

पहले गेम में सिंधु ने अच्छी शुरुआत की और मिड-गेम ब्रेक तक दो पॉइंट की मामूली बढ़त बनाए रखी। खेल दोबारा शुरू होने के बाद ज़बरदस्त मुक़ाबला देखने को मिला। पहले यामागुची ने लगातार छह पॉइंट जीतकर 15-11 की बढ़त बना ली। भारतीय शटलर ने अपनी जापानी प्रतिद्वंद्वी का डटकर सामना किया और अपनी दो पॉइंट की बढ़त वापस हासिल कर ली। आखिरकार गेम बहुत रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। सिंधु ने 20-19 के स्कोर पर एक मैच पॉइंट बचाया, लेकिन अंततः हार गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित