मऊ , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने यहां प्रकाश अस्पताल में अत्याधुनिक कार्डियक कैथलैब का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस नई सुविधा के शुरू होने से अब जिले में दिल की बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को आपातकालीन स्थिति में 24 घंटे विश्वस्तरीय इलाज और सर्जरी की सुविधा मिल सकेगी।
राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा की यह कैथलैब केवल एक मशीन नहीं, बल्कि जिले और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिए जीवनदायिनी सिद्ध होगी। अब हृदय रोगियों को इलाज के लिए वाराणसी या लखनऊ जैसे बड़े शहरों की ओर नहीं भागना पड़ेगा। प्रकाश अस्पताल द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में उठाया गया यह कदम सराहनीय है, जिससे समय रहते लोगों की जान बचाई जा सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी। मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सुविधाएं क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में सहायक होंगी।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज राय एवं प्रकाश ग्रुप के चेयरमैन डॉ. मनीष राय ,कार्डियोलॉजिस्ट डॉ विश्वजीत सिंह ने मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया।
राज्यमंत्री को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित