नयी दिल्ली , अगस्त 28 -- सरकार ने भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी अंशुमान शर्मा को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) का संयुक्त सचिव और साथिया एस. को निदेशक नियुक्त किया है।
मंत्रिमंडल नियुक्ति समिति ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी किये। इससे पहले गुरुवार को भी एनटीए में तीन अधिकारियों की नियुक्ति की गयी थी।
समिति के आज जारी आदेशों में कहा गया है कि 2005 बैच के आईआरएस (आयकर) अधिकारी श्री शर्मा पांच साल के लिए या अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे। वह एनटीए में निदेशक की जिम्मेदारी संभालेंगे। अस्थायी तौर पर दो साल के लिए इस पद का उन्नयन कर इसे संयुक्त सचिव स्तर का कर दिया गया है।
श्रीमती साथिया 2011 बैच की आईआरएस (आयकर) अधिकारी हैं। उन्हें निदेशक सहकारिता से निदेशक एनटीए के रूप में स्थानांतरित किया गया है। वह 24 अगस्त 2030 तक (यानी अपनी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की पांच साल की अवधि पूरी होने तक) या अगले आदेश तक इस पद पर रहेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित