बैतूल , अगस्त 18 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में हमलापुर स्थित निजी आवास से डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा हटाए जाने के मामले में मेहरा समाज समिति ने आक्रोश जताते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। समिति ने कार्रवाई में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग करते हुए तीन दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
समिति के अनुसार 16 अगस्त की रात करीब आठ बजे नगर पालिका और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने हमलापुर निवासी एवं माझी सरकार के पूर्व जिला अध्यक्ष श्रवण परते के निजी आवास पर कार्रवाई की। समाज का आरोप है कि आवास में रखी डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को बिना पूर्व सूचना के हटाया गया। अधिकारियों ने प्रतिमा को नगर पालिका की संपत्ति बताते हुए जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से उसे हटाया।
मेहरा समाज ने कार्रवाई को डॉ. अंबेडकर का अपमान बताते हुए कहा कि इससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। जिला अध्यक्ष संतु सूर्यवंशी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
समिति ने चेतावनी दी कि तीन दिन में संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर जिला स्तर पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। समिति ने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में अति. प्रदेश अध्यक्ष छन्नू बेले, जिला कोषाध्यक्ष गोपाल बिहारे, पार्षद संतोष भलावी, पार्षद सोनू हरसुले सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित