चंडीगढ़ , सितंबर 10 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ ने लुधियाना में बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की कथित बेअदबी और संगरूर में गुलजार सिंह की मौत को लेकर गुरुवार को आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा।

श्री चुघ ने कहा कि अंबेडकर की प्रतिमा पर जूतों की माला डालना केवल प्रतिमा का अपमान नहीं, बल्कि संविधान और उसके निर्माता के प्रति करोड़ों लोगों की भावनाओं का अपमान है।

उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित नहीं कर सकती तो वह संवैधानिक मूल्यों और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा कैसे करेगी। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर संगरूर के गुलजार सिंह ने गांव में नशे के खिलाफ आवाज उठायी थी और उनकी मौत के बाद परिवार ने उत्पीड़न तथा जातिगत दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाये हैं।

श्री चुघ ने कहा कि मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है, लेकिन यह घटना दलित समुदाय की सुरक्षा, सम्मान और न्याय तक पहुंच को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में एक तरफ नशे की समस्या गंभीर बनी हुई है और दूसरी ओर संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं की कथित बेअदबी की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने इसे केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि सरकार की संवेदनशीलता और प्रशासनिक क्षमता पर भी सवाल बताया। उन्होंने कहा कि दलित समाज को भाषण नहीं, सम्मान और सुरक्षा चाहिए।

उन्होंने अंबेडकर की प्रतिमा की कथित बेअदबी के जिम्मेदार लोगों की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी तथा पंजाब में प्रमुख अंबेडकर प्रतिमाओं और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा की समीक्षा की मांग की। उन्होंने गुलजार सिंह की मौत की निष्पक्ष, समयबद्ध जांच कराने की भी मांग की और कहा कि सरकार को दोनों मामलों में जनता के सामने जवाब देना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित