अंबिकापुर , अक्टूबर 28 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में हवाई यातायात सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मां महामाया हवाईअड्डा, दरिमा से अंबिकापुर-रायपुर विमान सेवा करीब एक वर्ष के अंतराल के बाद मंगलवार को पुनः प्रारंभ कर दी गई।
यह जानकारी बुधवार को दी गयी । इसके साथ ही हैदराबाद-जगदलपुर-रायपुर-अंबिकापुर हवाई मार्ग पर भी यात्रियों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो गई है। इस हवाई संपर्क के माध्यम से अंबिकापुर से हैदराबाद की यात्रा अब करीब साढ़े चार घंटे में पूरी की जा सकेगी।
एलायंस एयर द्वारा संचालित विमान ने कल दोपहर 2:05 बजे अंबिकापुर से रायपुर के लिए उड़ान भरी। छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव इस उड़ान के पहले यात्री बने। उन्होंने विमान यात्रा के दौरान सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा की। लंबे अंतराल के बाद विमान सेवा बहाल होने से सरगुजा संभाग के यात्रियों में उत्साह देखा जा रहा है।
निर्धारित समय-सारणी के अनुसार अंबिकापुर-रायपुर विमान सेवा प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। विमान दोपहर 1:35 बजे अंबिकापुर के मां महामाया हवाईअड्डा पहुंचेगा तथा दोपहर 2:05 बजे रायपुर के लिए प्रस्थान करेगा। सप्ताह में तीन दिन उड़ान उपलब्ध होने से क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी रायपुर सहित अन्य प्रमुख शहरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
नई हवाई कनेक्टिविटी का विशेष लाभ चिकित्सा, शिक्षा और व्यावसायिक कार्यों के सिलसिले में हैदराबाद जाने वाले यात्रियों को मिलने की उम्मीद है। सरगुजा संभाग से बड़ी संख्या में लोग बेहतर उपचार के लिए हैदराबाद जाते हैं। पूर्व में उन्हें रायपुर पहुंचकर आगे की यात्रा करनी पड़ती थी, जिससे अतिरिक्त समय और खर्च उठाना पड़ता था। अब हवाई मार्ग से यात्रा की अवधि में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है।
पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने विमान सेवा की बहाली को सरगुजा संभाग के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि हैदराबाद में इलाज कराने जाने वाले लोगों को अब पहले रायपुर तक पहुंचने की परेशानी से काफी राहत मिल सकती है। उन्होंने कहा कि पहले हैदराबाद पहुंचने में दस घंटे से अधिक समय लग जाता था, जबकि नई हवाई कनेक्टिविटी से यह सफर करीब साढ़े चार घंटे में पूरा हो सकेगा।
श्री सिंहदेव ने अंबिकापुर से दिल्ली के लिए उपलब्ध विमान सेवा के फेरे बढ़ाने की आवश्यकता भी जताई। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार सोमवार और बुधवार को अंबिकापुर से बिलासपुर होते हुए दिल्ली के लिए विमान सेवा संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली जाने वाली ट्रेन में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में अंबिकापुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस को सप्ताह के सभी सातों दिन नियमित रूप से चलाने की मांग पर भी विचार किया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले अंबिकापुर-बिलासपुर-रायपुर हवाई मार्ग पर विमान सेवा शुरू की गई थी, लेकिन कुछ समय बाद इसका संचालन बंद हो गया था। करीब एक वर्ष तक उड़ानें बाधित रहने के कारण यात्रियों को सड़क और रेल परिवहन पर निर्भर रहना पड़ा। अब विमान सेवा दोबारा प्रारंभ होने से क्षेत्र में हवाई यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस बीच अंबिकापुर से कोलकाता के लिए विमान सेवा पुनः प्रारंभ होने का इंतजार भी बना हुआ है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 30 मार्च 2026 को अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए हवाई सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ किया गया था। कोलकाता मार्ग पर गुरुवार और शनिवार को उड़ानों का संचालन निर्धारित था। समय-सारणी के अनुसार कोलकाता से बिलासपुर होते हुए विमान सुबह अंबिकापुर के दरिमा एयरपोर्ट पहुंचता था और कुछ समय बाद आगे की उड़ान भरता था।
हालांकि, कोलकाता मार्ग पर विमान सेवा शुरू होने के कुछ समय बाद ही इसका संचालन बंद हो गया, जिससे इस मार्ग पर नियमित हवाई यात्रा की उम्मीद लगाए यात्रियों को निराशा हुई। क्षेत्र के लोगों को अब इस सेवा की बहाली का भी इंतजार है।
अंबिकापुर-रायपुर विमान सेवा पुनः शुरू होने के बाद सरगुजा संभाग के प्रमुख शहरों से हवाई संपर्क बेहतर होने की संभावनाएं बढ़ी हैं। यात्रियों की अपेक्षा है कि विमान सेवाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के साथ दिल्ली और कोलकाता जैसे प्रमुख महानगरों के लिए भी हवाई सुविधाओं का विस्तार किया जाए, ताकि चिकित्सा, शिक्षा, व्यापार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन अधिक सुगम हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित