अंबिकापुर , अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में स्थानीय बोली सरगुजिहा बोलने वाले एक बच्चे को स्कूल में प्रवेश देने से इनकार करने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने स्वरंग किड्स एकेडमी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाते हुए स्कूल की मान्यता तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल प्रबंधन पर आरोप था कि उसने सरगुजिहा भाषा बोलने वाले बच्चे को प्रवेश देने से मना कर दिया। मामले की जांच के बाद इसे भाषा के आधार पर भेदभाव मानते हुए शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीइ) का उल्लंघन पाया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी छात्र के साथ भाषा, बोली या किसी अन्य आधार पर भेदभाव अस्वीकार्य है और यह कानून के खिलाफ है। कार्रवाई के तहत स्कूल संचालन को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इसके साथ ही प्रशासन ने प्रभावित बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें अन्य स्कूलों में प्रवेश दिलाने के आदेश भी जारी किए हैं।
प्रशासन ने कहा है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित