अंबिकापुर , अगस्त 26 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बुधवार सुबह लिव-इन रिलेशन में रह रहे एक युवक और युवती के गला काटने की घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि युवती को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर है।

पुलिस के अनुसार घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच रक्षाबंधन पर घर जाने और परिजनों से शादी की बात करने को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मोहन पैकरा (28) और महिमा सिदार (26) पिछले पांच साल से प्रेम संबंध में थे और लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। दोनों किसी दुकान में काम करते थे। पिछले दो माह से वे गांधीनगर में दयाल मंडल के मकान में किराए पर रह रहे थे। आज सुबह महिमा बाथरूम गई थी। वापस लौटने पर उसने मोहन पैकरा को खून से लथपथ और गंभीर हालत में देखा। उसका गला कटा हुआ था और खून बह रहा था। मोहन को इस हालत में देखकर महिमा ने भी चाकू से खुद का गला काट लिया।

घटना के दौरान आवाज सुनकर मकान मालिक दयाल मंडल मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम के पहुंचने तक मोहन की मौत हो चुकी थी, जबकि महिमा घायल अवस्था में थी। डायल-112 की टीम ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने मोहन के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

महिमा ने पुलिस को बताया कि मोहन पैकरा ने चाकू से अपना गला काट लिया था। दोनों के बीच रक्षाबंधन पर घर जाने को लेकर विवाद हुआ था। महिमा मोहन को अपने साथ घर ले जाना चाहती थी, ताकि वह अपने घर वालों से शादी की बात कर सके लेकिन मोहन उसके साथ जाने के लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

गांधीनगर थाना प्रभारी दिलीप दुबे ने बताया कि मोहन पैकरा दरिमा का रहने वाला था, जबकि महिमा सूरजपुर के कंदरई की रहने वाली है। दोनों लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे और पिछले दो माह से गांधीनगर में किराए के मकान में रह रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित