अम्बिकापुर , फरवरी 21 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत की अध्यक्षता में शनिवार को जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक हुई।

इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय कांग्रेस, आम आदमी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत तैयार की गई अंतिम मतदाता सूची के बारे में सभी राजनीतिक दलों को विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।

जिला जनसम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) की ओर से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसारजिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार 27 अक्टूबर 2025 से जिले में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान प्रारंभ किया गया था। अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 को आधार मानकर लगभग चार माह तक चले इस व्यापक अभियान के पश्चात आज, 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गई थीं, जिनका निराकरण 14 फरवरी 2026 तक नियमानुसार कर दिया गया।

बैठक में बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 782 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं सत्यापन कार्य किया गया। प्रारंभिक चरण में कुल 6,74,980 मतदाताओं का मिलान एवं मैपिंग कार्य पूरा किया गया। इसके बाद प्राप्त 5,98,492 गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटलीकरण भी सुनिश्चित किया गया। सर्वेक्षण के दौरान मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित एवं दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की पहचान कर आवश्यक संशोधन किए गए। जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए, उनकी पुष्टि के लिए बीएलओ और संबंधित राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ समन्वय बैठकें भी आयोजित की गईं।

प्रमुख आंकड़े और विधानसभावार स्थिति प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, जिले में अब कुल 6,02,310 मतदाता पंजीकृत हैं, जो ड्राफ्ट सूची की तुलना में 3,818 अधिक हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़े इस प्रकार हैं-लुण्ड्रा (09): ड्राफ्ट मतदाता संख्या 1,86,699 थी, जिसमें 1,379 नए जुड़े और 246 नाम विलोपित हुए। कुल वृद्धि 1,133 रही, जिसके बाद अंतिम मतदाता संख्या 1,86,832 हो गई है। अम्बिकापुर (10): ड्राफ्ट मतदाता संख्या 2,25,649 थी। यहां 2,598 नए नाम जुड़े और 884 नाम विलोपित किए गए। 1,714 की वृद्धि के साथ अंतिम मतदाता संख्या 2,27,363 हो गई है।

सीतापुर (11): ड्राफ्ट मतदाता संख्या 1,87,144 थी। इस क्षेत्र में 1,015 नए मतदाता जुड़े और 44 नाम विलोपित हुए। 971 की वृद्धि के साथ यहां अंतिम मतदाता संख्या 1,88,115 हो गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान नागरिकों से प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ को भी अंतिम मतदाता सूची में अद्यतन किया गया है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची की दो-दो प्रतियां (एक फोटोयुक्त मुद्रित प्रति एवं एक फोटोरहित सॉफ्ट कॉपी) निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। इस अभियान को समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूरा करने में 03 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), 48 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ), 876 बीएलओ और 1564 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) सहित अनेक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका रही। साथ ही, मीडिया और नागरिक समाज का भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।

कलेक्टर ने बताया कि एक जनवरी 2026 की पात्रता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भविष्य में होने वाले संशोधनों के दौरान प्रपत्र संख्या 6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं। इसी प्रकार, सूची में किसी त्रुटि के सुधार या स्थानांतरण के लिए प्रपत्र-8 का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि एसआईआर के दौरान ही आगामी अर्हता तिथि 01 अक्टूबर 2026 के संदर्भ में भावी मतदाताओं से आवेदन प्रपत्र-6 में प्राप्त किए गए हैं।

सभी नागरिक वेबसाइट एचटीटीपीएस//सीईओसीएचएचएटीटीआईएसजीएआरएच.एनआईसी.इन वोटर पोर्टलएचटीटीपीएस//वोटर्स.ईसीआई.जीओवी.इनईसीआईनेट एप के माध्यम से अपना नाम जांच सकते हैं या संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) से संपर्क कर, जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय या ईआरओ/एईआरओ कार्यालय में जाकर जानकारी हासिल कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित