सरगुजा , अक्टूबर 19 -- छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के अंबिकापुर में प्रतीक्षा बस स्टैंड परिसर में रविवार देर शाम दो पुलिसकर्मी कथित तौर पर नशे की हालत में मिले। उनके पास सरकारी इंसास राइफल लावारिस हालत में पड़ी मिली। घटना से पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं।
स्थानीय पुलिस से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्ग जिले में पदस्थ एएसआई जीवन राम एक्का और एक आरक्षक कैदी को छोड़ने अंबिकापुर आए थे। बताया जाता है कि कैदी को छोड़ने के बाद दोनों ने शराब पी और बस स्टैंड परिसर में नशे की हालत में पाए गए। इस दौरान सरकारी राइफल उनके पास लावारिस पड़ी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सरकारी राइफल को अपने कब्जे में लिया। दोनों पुलिसकर्मियों को भी वहां से हटाया गया।
सार्वजनिक स्थान पर सरकारी हथियार का इस तरह असुरक्षित हालत में मिलना गंभीर मामला माना जा रहा है। यदि हथियार किसी अनधिकृत व्यक्ति के हाथ लग जाता, तो अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। दोनों पुलिसकर्मियों की भूमिका और कथित लापरवाही की जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित