अंबिकापुर , अप्रैल 22 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में तालाब और जल निकासी की जमीनों पर अवैध कब्जे का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। न्यू बस स्टैंड के पास रिंग रोड तालाब विवाद के बाद अब भातूपारा तालाब में जल निकासी मार्ग पर अतिक्रमण का नया मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भातूपारा तालाब शहर के कई इलाकों के जल निकासी का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां पानी की निकासी के लिए व्यवस्थित मार्ग भी बनाया गया था। हालांकि अब आरोप है कि शहर के एक नामी होटल संचालक द्वारा जल निकासी की जमीन को पाटकर वहां कॉटेज निर्माण की तैयारी की जा रही है, जिससे शहर की ड्रेनेज व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

मामले की शिकायत मिलने के बाद नगर निगम ने संबंधित होटल संचालक को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद न तो अतिक्रमण हटाया गया है और न ही निगम की टीम द्वारा मौके पर कोई ठोस कार्रवाई की गई है।

इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन और होटल संचालक के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि निगम की ढिलाई के कारण ही शहर में अवैध कब्जों को बढ़ावा मिल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित