अंबिकापुर , अगस्त 30 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कांग्रेस नेता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू पर शनिवार देर रात कथित रूप से 15 से 20 लोगों ने उनके घर में घुसकर हमला कर दिया।
हमले में श्री सिद्धू गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी आंख में गंभीर चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुरानी राजनीतिक रंजिश की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस हमले के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है।
घटना मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा इलाके की है। पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के करीबी माने जाने वाले श्री सिद्धू के अनुसार, शनिवार देर रात हथियारों से लैस करीब 15 से 20 लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले गाली-गलौज और मारपीट की तथा इसके बाद घर के भीतर घुसकर भी हमला किया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
श्री सिद्धू ने इस हमले के पीछे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता प्रकाश साहू का हाथ होने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुरानी राजनीतिक रंजिश के कारण उन पर हमला करवाया गया। श्री सिद्धू के मुताबिक सोशल मीडिया पर भाजपा नेता के खिलाफ किए जा रहे पोस्ट को लेकर उन पर शक किया जा रहा था और इसी को लेकर शनिवार को भाजपा नेता के समर्थक उनके घर पहुंचे तथा विवाद के बाद मारपीट की।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि उन्होंने पहले ही पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को अपनी जान को खतरा होने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि पहले भी उनके खिलाफ फर्जी प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है और शिकायत किए जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गयी।
वहीं, श्री साहू ने श्री सिद्धू के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है। श्री साहू के अनुसार घटना के समय वह अपने घर पर थे और वारदात में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित