अंबिकापुर , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर शहर के व्यस्त रिंग रोड स्थित महामाया मंदिर द्वार के पास शुक्रवार को एक अधेड़ महिला का रक्तरंजित शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम के साथ जांच की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो से मिली जानकारी के अनुसार मृतका के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावरों ने महिला के सिर और गर्दन पर घातक वार किए। इसके अलावा पहचान छिपाने की नीयत से महिला के चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए यह मामला हत्या का लग रहा है और आरोपी जल्दी ही पुलिस की पकड़ में होंगे।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें डीआईजी सहित अन्य अधिकारी और फॉरेंसिक टीम शामिल है, तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
स्थानीय पूर्व पार्षद सतीश बारी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे में महिला हत्या से पहले एक व्यक्ति के साथ दिखाई दे रही थी।
पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। फिलहाल मृत महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच कर रही है और हुलिए के आधार पर पहचान स्थापित करने के प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित